अक्षय की नई फिल्म का पोस्टर लॉन्च
अक्षय कुमार ने जन्मदिन के दिन किया मूवी का पोस्टर लॉन्च, हुआ ट्विटर पर वायरल
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने जन्मदिन के मौके पर आज प्रियदर्शन के साथ आने वाली उनकी नई फिल्म का पोस्टर अपने सोशल मीडिया पर अपलोड किया है।
अक्षय कुमार बीते कई दिनों से 'स्त्री 2' में अपने किरदार को लेकर चर्चा में तो थे ही, आज उनके जन्मदिन पर उन्होंने अपने फैंस को एक नया तोहफा दिया। उन्होंने 14 साल बाद डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ अपनी नई फिल्म का पोस्टर साझा किया, जिसका नाम है 'भूत बंगला'। बता दें कि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी भारतीय सिनेमा जगत की दिग्गज जोड़ियों में गिनी जाती है, जिन्होंने 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला', 'भागम भाग', 'भूल भुलैया' जैसी बड़ी हिट फिल्में दी हैं।
अक्षय कुमार के इस पोस्टर को डालते ही ट्विटर पर अक्षय कुमार और प्रियदर्शन का नाम ट्रेंडिंग होने लगा। कुछ महीने पहले ही प्रियदर्शन ने बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए कहा था -
"मुझे ऐसा लगता है कि हिंदी दर्शक मुझसे सीरियस फिल्में नहीं, बल्कि कॉमेडी फिल्में चाहते हैं, जिसके कारण मैंने पुनः अक्षय के साथ एक फिल्म बनाने का सोचा है। हमारी 'खट्टा मिट्ठा' के फ्लॉप होने के बाद भी मैंने कई फिल्मों के बारे में सोचा, पर अब मैंने अक्षय और अपने अनुसार एक फिल्म फाइनल की है, जिसमें शायद हम 'भूल भुलैया' जैसा ही कुछ कर सकेंगे।"
प्रियदर्शन (डायरेक्टर)
फिल्म 'भूत बंगला' का पोस्टर देखने पर उसमें अक्षय कुमार दूध पी रहे हैं और एक काली रंग की बिल्ली उनके ऊपर बैठी हुई है। पीछे एक रहस्यमय तरह का संगीत बजता सुनाई देता है, जिस संगीत को सुनकर वही पुराना नॉस्टैल्जिक 'भूल भुलैया' मोमेंट आंखों के सामने आ जाता है। यही नहीं, फिल्म को प्रोड्यूस बालाजी प्रोडक्शन यानी एकता कपूर कर रही हैं। अब देखना यह है कि क्या यह फिल्म अक्षय कुमार की हिट फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो सकेगी और प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी परदे पर क्या गुल खिलाएगी।
~युवराज कटारिया
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें